सरहद पर सुरक्षा पर बढ़ी, पगड़डियों पर निगरानी
केरल में विस्फोट के बाद से ही सोनौली बार्डर पर चौकसी तेज, पुलिस व एसएसबी कर रही संयुक्त गश्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनौली। केरल के एर्नाकुलम में ईसाई समुदाय की प्रार्थना सभा के दौरान हुए विस्फोट के बाद भारत नेपाल सोनौली सीमा पर अलर्ट जारी है। सोमवार को भी नेपाल से भारत आने-जाने वाले सभी यात्रियों के सामान और आईडी की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश करने दिया गया। पगडंडियों पर निगरानी तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, जिले से लगी नेपाल सीमा पर विशेष निगरानी की जा रही है। पुलिस एसएसबी के साथ मिलकर गश्त कर रही है। सीमा से आने-जाने वाले यात्रियों को कड़ी जांच के बाद ही नेपाल जाने दिया जा रहा है। भारत आगमन के दौरान भी परिचय पत्र चेक किए जा रहे हैं। सरहद पर स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों सहित खुफिया विभाग के लोगों ने सरहद पर निगरानी तेज कर दी है। सीसीटीवी कैमरा, डाॅग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। सीमावर्ती गांव में लगे कैमरों से प्रतिदिन निगरानी रखी जा रही है।
एसएसबी 22वीं वाहिनी डिप्टी कमांडेंट राजीव पायलट ने बताया कि केरल की घटना के बाद नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट है। जांच की जा रही है। पगडंडियों पर पुलिस के साथ संयुक्त टीम गश्त कर रही है।