महराजगंज। आज सावन माह का दूसरा सोमवार है। सावन के सभी सोमवार बहुत खास माने जाते हैं। इस दिन शिव की पूजा की जाती है। सावन में सोमवार के दिन व्रत रखने से भगवान शिव के साथ माता पार्वती का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है।
भारत नेपाल बॉर्डर से सटे सुप्रसिद्ध पंचमुखी शिवधाम इटहिया मंदिर के साथ ही हरखोड़ा गांव के शिवालय, हरपुर पकड़ी स्थित बहुरहवा बाबा, सेखुई गांव के शिव मंदिर, कटहरा शिव मंदिर, महराजगंज शहर के पड़री मुहल्ला के शिवालय, राजीव नगर के सिंचाई कालोनी स्थित शिवालय, बैकुंठपुर के पावर हाउस स्थित शिवमंदिर, अमरूतिया शिवालय, वीर बहादुर शिवमंदिर सहित अन्य शिवालयों पर विशेष सुरक्षा के साथ ही विशेष तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को छुट्टी होने के कारण मेले में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी रही।
पंचमुखी शिवधाम ईटहिया शिवमंदिर के पुजारी ध्यानचंद गिरी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है। इसके लिए मंदिर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
लगाए गए आठ बैरियर
करीब 6 एकड़ परिक्षेत्र में फैले पंचमुखी शिवधाम ईटहिया में सावन मेले के सोमवार की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर परिक्षेत्र के चारों तरफ आठ बैरियर लगाकर कई किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोक दिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि भीड़ नियंत्रण को लेकर ईटहिया शिव मंदिर से लमुहा तालाब तक तीन शितलापुर मार्ग पर एक रेंगहिया मार्ग पर दो व अमडी पुल मार्ग पर दो बैरियर लगाया गया था। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजस्व विभाग से करीब 15 लेखपाल, पुलिस विभाग के 100 आरक्षी, 12 मुख्य आरक्षी, 15 महिला आरक्षी, दो ट्रैफिक गार्ड, 14 उपनिरीक्षक, पांच थानेदार, डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।