मिठौरा। नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाने की कोशिश के मामले में चौक पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। छात्रा के अपहरण सहित कई मुकदमे में वांछित चल रहे दूसरे आरोपी गब्बर को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस इससे पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है।
जानकारी के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय छात्रा को कॉलेज जाते समय बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया था। ठूठीबारी सीमा के पास एसएसबी की सतर्कता के चलते छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया था। मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर चौक थाने में अपहरण समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
थाना प्रभारी मनीष पटेल का कहना है कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर सीमा पार ले जाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।