सड़क हादसे में स्कूटी चालक की मौत
सिंदुरिया के हनुमान मंदिर के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मिठौरा। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र की ग्राम सभा सिंदुरिया के सड़क टोला स्थित हनुमान मंदिर के पास सिंदुरिया से निचलौल की तरफ जा रहे स्कूटी चालक व पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने स्कूटी चालक को मृत घोषित कर दिया।
निचलौल थाना क्षेत्र के जमुई-पण्डित निवासी तुफैल अहमद (35) व सुभाष भारती (32) बृृहस्पतिवार की रात को सिंदुरिया से अपने घर जमुई पंडित स्कूटी से जा रहे थे। स्कूटी तुफैल अहमद चला रहे थे। वह हेलमेट नहीं पहने थे। अभी वह सिंदुरिया के हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी सड़क के बीच में खड़े बछड़े से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की सहायता से प्राइवेट वाहन से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने तुफैल अहमद को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुभाष भारती का इलाज चल रहा है। तुफैल की मौत से पत्नी अजीजुन निशा, माता आयशा खातून सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में चौकी प्रभारी सिंदुरिया गंगाराम यादव ने बताया कि तुफैल की मौत हो गई है। जबकि उसका साथ गंभीर रूप से घायल है।