मंगलवार की दोपहर महेंद्र नगर वार्ड में अनियंत्रित होकर गड्ढे में उतर गई वैन
नौतनवा। नगर स्थित एक निजी स्कूल की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर पहुंचाने के दौरान अनियंत्रित होकर महेंद्र नगर वार्ड में सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। मंगलवार की दोपहर घटना के बाद राहगीर और आसपास के लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। गनीमत रही कि कोई बच्चा हताहत नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, निजी स्कूल से मंगलवार की दोपहर छुट्टी के बाद एक स्कूली वैन करीब 10 से 12 बच्चों को घर पहुंचाने के लिए स्कूल से निकली थी। अभी वैन विद्यालय से महज कुछ दूर आगे बढ़ी ही थी कि कस्बे के महेंद्र नगर वार्ड में वह हादसे का शिकार हो गई। वाहन चालक अचानक अनियंत्रित होकर बच्चों समेत वैन लेकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया।
गनीमत रही कि इस घटना में बच्चों को चोट नहीं आई, वहीं हादसे के बाद वाहन सवार बच्चे सहम उठे। किसी तरह सभी बच्चों को वैन से बाहर निकाला गया। वहीं विद्यालय के प्रबंध निदेशक बीरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि स्कूली वैन में आगे बैठे किसी बच्चे की शरारत के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में उतर गया था, कोई हताहत नहीं हुआ है।