गड्ढे में सरक गई स्कूल बस, बाल बाल बचे विद्यार्थी
बस को पीछे करने में हुई लापरवाही, गड्ढे में सरकने पर चालक ने लगाया ब्रेक
डर से चिल्लाने लगे छात्र-छात्राएं, राहगीरों ने बच्चों को सुरक्षित उतारा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के भटहट-बभनौली मार्ग पर बरगदवां चौराहे के पास शुक्रवार को एक स्कूल के गड्ढे में सरकने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। स्कूल की बस गड्ढे में सरक गई तो बच्चे चिल्लाने लगे। चालक ने किनारे पर ही बस को रोक दिया। इस दौरान बच्चे डर के मारे चिल्लाने लगे। राहगीरों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला। बस में करीब 15 बच्चे सवार थे।
जानकारी के अनुसार, एमजे पब्लिक स्कूल चिलबिलवा, गोरखपुर की बस पीछे करने के दौरान बरगदवां चौराहे पर अचानक सड़क किनारे गड्ढे में सरक गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक लापरवाही पूर्वक बस को पीछे कर रहा था। बस अचानक गड्ढे में सरक गई तो उसमें सवार सभी छात्र-छात्राएं चिल्नाने लगे। यह देखकर चालक भी परेशान हो गया। उसने सूझबूझ कर परिचय देते हुए ब्रेक लगाया तो बस रुक गई। इसके बाद वहां राहगीर भी पहुंच गए। राहगीरों ने बच्चों को बस से सुरक्षित निकाल दिया। इसके बाद चालक ने ब्रेक छोड़ा तो बस गड्ढे में चली गईं। ग्रामीणों के मुताबिक कोई भी छात्र चोटिल नहीं हुआ है। स्कूल बस गड्ढे में जाने की खबर मिलते ही मौके पर श्यामदेउरवां थाने की पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
स्कूल के प्रबंधक मुजाहिद ने बताया कि गाड़ी मोड़ते समय सामने से दूसरा वाहन आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में गाड़ी का पहिया फिसल गया और गाड़ी गड्ढे में चली गई। सभी बच्चे सुरक्षित हैं। बच्चों के अभिभावकों से बातचीत की गई और उन्हें पूरी जानकारी दी गई। वहीं, बस चालक झीनक ने बताया कि बस में बच्चे सवार रहते हैं, इस वजह से विशेष सावधानी बरती पड़ती है। बस मोड़कर पीछे कर रहा था, अचानक सामने से दूसरा वाहन आया। इस वजह से पहिया गड्ढे में फिसल गया। बच्चों को सुरक्षित बस से उतारा गया। रास्ते से गुजरने वाले लोगों ने मदद की। ब्रेक लगाकर बस तक तक रोके रहा, जब तक सभी बच्चे बस से उतर नहीं गए। बस में नटवा और नागबारी टोला के लगभग 15 बच्चे सवार थे। सभी बच्चों को उनके घर पहुंचवा दिया गया। बस चलाने के दौरान लापरवाही नहीं करता हूं।