संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत ग्रामसभा रायपुर के टोला आमुतालाब सिवान में शनिवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक वयस्क नर सारस की मौत हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और डब्ल्यूटीआई (वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा रायपुर के टोला आमुतालाब जाने वाली पक्की सड़क के किनारे से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से सारस गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने डब्ल्यूटीआई के कार्यकर्ता रविंद्र कुमार त्रिपाठी को दी। सूचना मिलते ही वह वन विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
टीम ने मृत सारस के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने वन विभाग और विद्युत विभाग से वन क्षेत्रों से गुजरने वाली हाईटेंशन विद्युत लाइनों पर पक्षियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि विद्युत लाइनों पर बर्ड डाइवर्टर जैसे सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं, तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।