नौ से 11 तक सभी पांच विधान सभाओं में होगी खेलकूद स्पर्धा, जिला स्तरीय स्पर्धा 13 से
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से नौ से 15 फरवरी तक जिले में सांसद खेल स्पर्धा होगी। खिलाड़ी इसमें न सिर्फ हिस्सा लेंगे, बल्कि विभिन्न खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा भी दिखाएंगे। जिला स्तरीय स्पर्धा में 500 से अधिक खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
जिले में पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सांसद खेल स्पर्धा आयोजित होनी है। विधानसभा स्तर पर होने वाली खेलकूद स्पर्धा के लिए नौ से 11 फरवरी तक की तिथि निर्धारित है। इस अवधि में सदर विधानसभा क्षेत्र की स्पर्धा धनेवा स्थित स्टेडियम में, पनियरा विधानसभा की स्पर्धा मिनी स्टेडियम श्यामदेउरवां में, सिसवा विधानसभा की स्पर्धा बापू शताब्दी इंटर कॉलेज जहदा में, फरेंदा विधानसभा की स्पर्धा मिनी स्टेडियम में तथा नौतनवां विधानसभा की स्पर्धा मिनी स्टेडियम बरवां कला में होगी।
ब्लॉक स्तर पर एथलेटिक्स, कुश्ती, वाॅलीबॉल व खो-खो स्पर्धा होगी। इन खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी जिला स्तरीय स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। क्रिकेट व फुटबॉल की विधानसभा स्तरीय स्पर्धा नौ से 14 फरवरी तक जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में होगी।
13 से 15 के बीच में होगी जिला स्तरीय स्पर्धा
आयोजन समिति में शामिल विंध्यवासिनी सिंह ने बताया कि विधानसभा स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी 13 से 15 फरवरी तक स्टेडियम में होने वाली जिला स्तरीय स्पर्धा मेंं हिस्सा लेंगे। स्पर्धा में 100, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शाॅट पुट, कुश्ती, ताइक्वांडो, क्रिकेट, फुटबाॅल, वॉलीबॉल व हाॅकी की स्पर्धा होगी। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुुरस्कृत किया जाएगा।
कोट
सांसद खेल स्पर्धा के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। आयोजन से खिलाड़ियों को अच्छा मंच मिलेगा तथा वे निखर कर सामने आएंगे।
-धर्मेंद्र कुमार, उप क्रीड़ाधिकारी