आवास पर समर्थकों से बातचीत करतीं नगर पंचायत चौक की नवनिर्वाचित अध्यक्ष संगीता देवी।संवाद
महराजगंज। जिले के दस निकायों में नवनिर्वाचित अध्यक्षों में महराजगंज व नौतनवां पालिका के जीते उम्मीदवार सर्वाधिक शिक्षित हैं। दोनों ही परास्नातक हैं। नगर पंचायत की आठ में दो स्नातक, दो इंटर, एक हाईस्कूल, दो जूनियर हाईस्कूल व एक निरक्षर हैं।
नगर पालिका महराजगंज सीट पर चुनाव जीतने वाली अध्यक्ष पुष्पलता मंगल व नौतनवां के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी परा स्नातक हैं। घुघली के अध्यक्ष संतोष व पनियरा के अध्यक्ष उमेश चंद जायसवाल स्नातक हैं। बृजमनगंज के अध्यक्ष राकेश कुमार व निचलौल के अध्यक्ष शिवनाथ ने इंटर तक शिक्षा प्राप्त की है। फरेंदा की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी ने हाईस्कूल तक शिक्षा प्राप्त की है। सोनौली के अध्यक्ष मोहम्मद हबीब व परतावल की अध्यक्ष प्रियंका ने जूनियर हाईस्कूल स्तर की शिक्षा प्राप्त की है। चौक की अध्यक्ष संगीता निरक्षर हैं।
उधर, अधिक मत प्रतिशत निचलौल नगर पंचायत के अध्यक्ष शिवनाथ का रहा। उन्होंने कुल मत में से 51.47 प्रतिशत मत प्राप्त किया। बृजमनगंज के राकेश ने 49.79 प्रतिशत अंक पाकर दूसरा, परतावल की प्रियंका ने 47.95 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा, आनंदनगर की विजयलक्ष्मी ने 45.10 प्रतिशत अंक पाकर चौथा, बृजेश मणि त्रिपाठी ने 44.38 प्रतिशत अंक पाकर पांचवां, घुघली के संतोष ने 43.63 प्रतिशत अंक पाकर छठां, महराजगंज की पुष्पलता ने 41.4 प्रतिशत अंक पाकर सातवां, चौक की संगीता ने 37.65 प्रतिशत अंक पाकर आठवां, पनियरा के उमेशचंद ने 27.54 प्रतिशत अंक पाकर नौवां व सोनौली के मोहम्मद हबीब ने 24.48 प्रतिशत अंक पाकर दसवां स्थान प्राप्त किया।