महराजगंज। नवरात्र में फलाहार के नाम पर बिक रहे खाद्य उत्पादों की शुद्धता तय करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम इन दिनों सक्रिय है। मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय के नेतृत्व में पुरैना खंडी चौराहे की एक जनरल मर्चेंट की दुकान से टीम ने बाकला दाल और छुहारा का नमूना लिया। वहीं घुघली कस्बे की दुकान से तिन्नी चावल, फाफड़ का आटा, पनीर का नमूना व एक अन्य दुकान से रामदाना का नमूना जांच के लिए संग्रहित कराया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि नवरात्र में श्रद्धालु उपवास रखते हैं। फलाहार के नाम पर मिलावट न होने पाए इसे लेकर नमूने संग्रहित कराए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। टीम में रजनी मौर्य, हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, रंजन श्रीवास्तव शामिल रहे। संवाद