महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय पुनरीक्षण/परामर्श समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्रा, इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंधकों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त की। बैंक के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत कराने के लिए लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिया गया। सोनौली अधिशासी अधिकारी को बैठक से अनुपस्थित रहने पर वेतन बाधित करने के लिए अपर उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए।
बैठक में वार्षिक ऋण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य पालन, पशुपालन, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन, एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग,पी एम स्वनिधि, जैसे रोजगारपरक योजनाओं में लंबित मामलों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उक्त योजनाओं में लंबित प्रकरणों को निस्तारित करते हुए, स्वीकृत ऋण आवेदनों में समय से ऋण वितरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लीड बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया कि किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर कैंपों का आयोजन कर किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं में लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए।