महराजगंज। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की स्मृति में खेल निदेशालय 25 नवंबर को हाफ मैराथन आयोजित कर रहा है। बलिया में आयोजित इस मैराथन में 2.11 लाख रुपये का पुरस्कार जीतने का मौका प्रतिभागी के पास होगा। आवेदन जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के माध्यम से किया जा सकता है। स्पर्धा में एक साथ 51 प्रतिभागी पुरस्कृत होंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव की स्मृति में 25 नवंबर को खेल निदेशालय हाफ मैराथन आयोजित कर रहा है। मैराथन बलिया जनपद के यमुना प्रसाद इंटर कॉलेज विद्याभवन नरायनपुर से शुरू होकर बांसडीह कचहरी होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम बलिया पहुंचकर समाप्त होगा। इसमें शामिल होने के लिए इच्छुक धावक जिला क्रीड़ा विभाग से संपर्क कर सकते हैं। प्रथम आने वाले धावक को 2.11 लाख रुपये, द्वितीय को 75 हजार, तृतीय 50 हजार, चतुर्थ को 25, पांचवां स्थान लाने पर 11 हजार और छठवां स्थान लाने पर 7500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा भी 51 नंबर तक के धावक सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।