जिला अस्पताल में रविवार की रात इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद घर वालों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल गेट के सामने धरने पर बैठ गए।
करीब आधा घंटे बाद सीएमएस व पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। परिजनों का आरोप था कि इलाज में लापरवाही के वजह से मरीज की मौत हुई।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पतरेंगवा निवासी हरदेव चार दिन से जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती थे। उनको चोट लगने के बाद से घर वाले भर्ती कराए थे।
अस्पताल में भर्ती के दौरान से ही अस्पताल के कर्मचारियों की ओर से लापरवाही बरती जा रही थी। रविवार की देर रात हरदेव की खून की कमी से मौत हो गई।
मौत की खबर जैसे ही घर वाले और उनके जानने वालों को हुई तो जिला अस्पताल में हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि डाक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत हुई है।
उसके बाद ग्राम प्रधान सीताराम के नेतृत्व में प्रमोद गुप्ता, रामराज चौरसिया, विजय, राजीव, रवि समेत एक दर्जन की संख्या में लोग जिला अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए।
उनका कहना था कि डाक्टरों व कर्मचारियों की लापरवाही से मौत हुई है। परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे थे। करीब आधा घंटे बाद सवा नौ बजे सीएमएस व इंस्पेक्टर कोतवाली शशिभूषण मिश्र के पहुंचने और उनके आश्वासन के बाद लोग माने।