महराजगंज। पनियरा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ जाने के लिए अब लोगों को दिक्कत नहीं होगी। परिवहन विभाग जल्द पनियरा से लखनऊ के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू करेगा। इससे पनियरा क्षेत्र के करीब 150 गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, पनियरा विधानसभा क्षेत्र के आसपास गांवों के लोगों को लखनऊ तक जाने के लिए न तो रोडवेज बस की सुविधा है और न ही ट्रेन की व्यवस्था है। लोगों को पहले गोरखपुर जाना पड़ता है, उसके बाद लखनऊ रूट के लिए बस मिलती है।
क्षेत्र के संजय निषाद, चंदू, रामनरेश निराला, रमेश गौतम, अखिलेश कुमार सरोज, संदीप, भोला चौहान, अनिल वर्मा, संजय, संतोष ने बताया कि पनियरा बाजार से लखनऊ जाने के लिए सीधी बस सेवा नहीं थी।
परिवहन विभाग ने सराहनीय कार्य किया है। परिवहन विभाग का कहना है कि पनियरा बाजार से लखनऊ रूट तक रोडवेज बस सेवा उपलब्ध होने से पनियरा क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और किराए में भी सहूलियत रहेगी। हालांकि इस रूट को लेकर सर्वे की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कांवड़ यात्रा के कारण बस्ती में आवागमन पर प्रतिबंध लगा है। रास्ते खुलने के बाद आवागमन शुरू हो जाएगा।
सुबह सात बजे निकलेगी बस
पनियरा बाजार से करमहिया चौराहा, चौरी चौराहा कौआठोड़, मुजुरी बाजार, भौरीबारी, फारेस्ट चौकी मोदीगंज, कैंपियरगंज, शिवपुर, करमैनीघाट, बनकसिया, मेंहदावल, नंदौर, बस्ती तक स्टापेज होगी। पनियरा से बस सुबह 7 बजे से सवारियों को लेकर लखनऊ के लिए निकलेगी।
पनियरा बाजार से लखनऊ तक जाने के जल्द ही एक रोडवेज बस सेवा शुरू होगी। इसके लिए रूट का सर्वे पूरा हो चुका है। कांवड़ यात्रा के कारण बस्ती में आवागमन बंद है। रास्ता खुलते ही बस सेवा शुरू हो जाएगी।
-सर्वजीत वर्मा, एआरएम