जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों की मरम्मत और नए संपर्क मार्गों के निर्माण पर 14.13 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। जिला पंचायत ने नौ विकासखंडों की 32 ग्राम पंचायतों में सड़क मरम्मत, अनुरक्षण लेपन, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग और खड़ंजा निर्माण की कार्ययोजना तैयार की है। इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्ययोजना के अनुसार, निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए चार महीने की अवधि निर्धारित की गई है। हालांकि, मुख्य विकास अधिकारी ने छह माह के भीतर निर्माण पूरा होने की बात कही है।
जिला पंचायत की कार्ययोजना में मिठौरा, पनियरा, सदर, परतावल, घुघुली, नौतनवा, निचलौल, फरेंदा और लक्ष्मीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इसमें कई प्रमुख संपर्क मार्गों के अनुरक्षण और मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन मार्गों पर होगा अधिक खर्च
सदर ब्लॉक में बागापार से बरईठवा संपर्क मार्ग के अनुरक्षण लेपन पर 99.21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लक्ष्मीपुर ब्लॉक में बरगदवा से विशुनपुरा तक सड़क के लिए 91.50 लाख रुपये निर्धारित हैं। पनियरा के कमासिन बुजुर्ग में प्राथमिक पाठशाला से भक्सा प्रधानमंत्री पिच मार्ग तक अनुरक्षण कार्य पर 86.70 लाख रुपये खर्च होंगे।
इसी तरह परतावल में नागावरी पिच से बलुआ भार तक मार्ग के अनुरक्षण पर 83.54 लाख रुपये और घुघुली में पचरुखिया बरवा चैमनिया मार्ग से किशुनपुर टिकुलहिया तक लेपन कार्य पर 77.13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नौतनवा के हरपुर में सड़क, सीसी रोड और रिटेनिंग वॉल निर्माण के लिए 70.96 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
सदर ब्लॉक के महुआ से तुलसीपुर मार्ग पर 58.54 लाख और निचलौल के बैदौली में गांव से बंधे तक सड़क के अनुरक्षण लेपन पर 55.87 लाख रुपये खर्च होंगे।
कई गांवों में बनेंगी सीसी सड़कें
सीसी रोड निर्माण के लिए मिठौरा ब्लॉक के सोनवल, घुघुली के बुजुर्ग, पचरुखिया तिवारी और बसंतपुर, लक्ष्मीपुर के देउरवा और जगदीशपुर में कार्य प्रस्तावित हैं। पनियरा ब्लॉक के बेलहिया, पिपरा जद्दू, कमासिन खुर्द और कनैला में भी सड़क निर्माण कराया जाएगा।
निचलौल ब्लॉक के सिरौली, लेदी और अमड़ा उर्फ झुलनीपुर, सदर ब्लॉक के छोटकी पकड़ी, बरगदवा राजा और बभनौली तथा परतावल के डेरवा और पुरैना में भी सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग और खड़ंजा संबंधी कार्य होंगे। फरेंदा ब्लॉक के बरातगाढ़ा स्थित सेखुआन टोला में सड़क मरम्मत कराई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्माण कार्यों को छह माह के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।