परतावल-पनियरा मार्ग पर कोटवा गांव के पास सड़क पर जमा पानी।
- फोटो : MAHARAJGANJ
जलभराव के कारण सड़क हुई खतरनाक, राहगीर परेशान
बीएमसीटी मार्ग पर परतावल से हरपुर के बीच सड़क पर कई जगह हो गए हैं गड्ढे, हादसे की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बस्ती को तमकुही से जोड़ने वाली (बीएमसीटी) सड़क परतावल से लेकर हरपुर के बीच क्षतिग्रस्त हो गई है। खस्ताहाल सड़क पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क खतरनाक हो गई है। आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त सड़क की अविलंब मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी हादसा हो सकता है।
बीएमसीटी मार्ग पर हरपुर के बीच पांच किमी. की दूरी तय करने में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे राहगीर दुर्घटना की आशंका से भयभीत रहते हैं। कोटवां व महदेवा के पास सड़क का अस्तित्व ही खतरे में है। शुक्रवार की रात हुई बारिश से सड़क पर जगह-जगह हुए गड्ढों में पानी भर गया है। पानी भर जाने की वजह से आने-जाने वालों गड्ढों का पता नहीं चल पा रहा है। इससे आवागमन करने वाले दुर्घटना की आशंका से डरे रहते हैं। बड़े वाहनों के लिए तो कुछ गनीमत है मगर दोपहिया वाहन व साइकिल सवार इस मार्ग पर डरते हुए ही आवागमन कर रहे हैं। लोगों का कहना था कि क्षतिग्रहस्त सड़क की मरम्मत के लिए कई बार जिम्मेदार लोगों से मांग की गई लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया।
राहगीर खुर्शीद अहमद ने कहा कि सड़क की बदहाली लोगों की परेशानी बढ़ाने का कार्य कर रही है। क्षतिग्रस्त सड़क की अविलंब मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी दुर्घटना हो सकती है। खैरूल्लाह ने कहा कि सड़क पर हुए गड्ढों को अविलंब नहीं भरवाया गया तो राहगीरों की मुश्किलें बढ़ेंगी। किशोर जायसवाल ने कहा कि सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, तभी से इसकी मरम्मत की मांग की जा रही है। मगर जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। अर्जुन सिंह ने कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के स्तर से भी कवायद की जरूरत है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने कहा कि धनाभाव के कारण क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य नहीं हो पा रहा है। रकम मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।