सड़क बनाई पर नाली बनाना भूले जिम्मेदार
पानी निकासी की समस्या से जूझ रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। परतावल को बस्ती से जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत बभनौली में राष्ट्रीय राजमार्ग के जिम्मेदारों द्वारा सड़क तो बना दी गई है, मगर उसके साथ नाली बनाना भूल गए हैं। इसके चलते लोगों के समक्ष जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है। दिनोंदिन बढ़ती समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा परतावल से भौराबारी तक महराजगंज सीमा में पड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण होना है। जिम्मेदारों द्वारा निर्माण कार्य कराया भी जा रहा है, मगर खाली स्थान के साथ-साथ आबादी वाले स्थल पर नाली न बनाए जाने से आमजन के समक्ष जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो रही है। परतावल ब्लॉक के ग्राम बभनौली में सड़क के किनारे जो लोग भवन बनवा कर रहते हैं, उनके घर के पीछे दूसरे की कृषि योग्य भूमि है, जबकि आगे सड़क का किनारा है। ऐसे में उनके पास घर के पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। मुख्य सड़क के साथ-साथ गांव के अंदर भी यह समस्या है, जिससे लगभग 5000 की आबादी प्रभावित हो रही है। जिम्मेदार यदि ध्यान दें तो न सिर्फ जलनिकासी की समस्या का निदान हो जाएगा, बल्कि घर के सामने बनाए जाने वाले गड्ढों से भी मुक्ति मिलेगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता मणिकांत अग्रवाल ने बताया कि सड़क के साथ-साथ आबादी में नाली निर्माण का भी प्रावधान होता है। इस कार्य के बारे में जिम्मेदारों से पता लगाया जाएगा। यदि कहीं से भी आमजन को समस्या होगी तो उसके निदान को लेकर प्रयास किया जाएगा।
जलनिकासी के लिए करनी होगी व्यवस्था
बभनौली के रहने वाले सत्यनारायण ने कहा कि सड़क के साथ-साथ नाली के न बनने से समस्या आ रही है। इसे बनवाने के लिए अविलंब प्रयास शुरू करना होगा। रामसूचित गुप्ता ने कहा कि सड़क के साथ नाली नहीं बनी तो और भी मुश्किलें बढ़ेंगी। हबीब ने कहा कि जनहित को लेकर कोई भी जिम्मेदार गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी ने कहा कि सड़क के साथ नाली के न बनने से सड़क किनारे रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।