जिम्मेदारों ने केंद्रों पर पहुंचकर देखी टीकाकरण की स्थिति
-सीएचसी अधीक्षक ने सदर क्षेत्र के सराय खुटहां व अन्य केंद्रों का किया निरीक्षण, कर्मियों को दिया आवश्यक निर्देश
महराजगंज। ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस(वीएचएनडी) के अवसर पर बुधवार को सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जिम्मेदारों ने विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचकर स्थिति को देखा। जिम्मेदारों ने पाया कि कर्मी पूरी सतर्कता के साथ टीकाकरण कर रहे हैं।
सदर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने सराय खुटहां केंद्र पर पहुंचकर पाया कि कर्मी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए तथा मास्क का प्रयोग करते हुए टीकाकरण कार्य को कर रहे हैं। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि प्रत्येक टीकाकरण व कार्य के बाद हाथों को सैनिटाइज अनिवार्य रूप से करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इसी प्रकार स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने कृतपिपरा व इमिलिया में पहुंचकर वहां पर भी टीकाकरण की स्थिति को देखा। केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहकर टीकाकरण करते पाए गए। कर्मियों द्वारा बच्चों व गर्भवती महिलाओं के इलाज को लेकर जानकारी मुहैया कराई गई। निरीक्षण के समय पर्यवेक्षक जेएन पटेल, एएनएम मधु गुप्ता, चंद्रावती व प्रियंका पटेल, आशा संगिनी शशिकला व आशा रमावती व मंजू देवी तथा आंगनबाड़ी निर्मला पटेल व संगीता मिश्रा मौजूद रहीं।