लक्ष्मीपुर। लक्ष्मीपुर विकास खंड के कोल्हुई क्षेत्र की ग्राम पंचायत जंगल गुलहरिया का मौर्या टोला है। यहां करीब 300 की आबादी वाले टोले के ग्रामीण आज भी पक्की सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं।
ग्रामीण अर्जुन, धर्मेंद्र मौर्य, मीना, रिंकू ने बताया कि सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के जंगल से सटे इस टोले तक पहुंचने के लिए केवल कच्चा रास्ता है। बारिश होते ही यह मार्ग कीचड़ से भर जाता है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। सुभावती, रामकेवल का कहना है कि बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों का स्कूल पहुंचना कठिन हो जाता है, वहीं बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। रात के समय रास्ते से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं होता।
महेश मौर्य समेत अन्य लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से पक्के मार्ग की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कराने की मांग की है। बीते सोमवार को ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन दिए थे।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी मृत्युंजय यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान को मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के अनुसार यथाशीघ्र ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।