पुलिस अधीक्षक ने ली गणतंत्र दिवस की तैयारी परेड की सलामी, दिए निर्देश
महराजगंज। जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित की जाने वाली परेड की तैयारी के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने शुक्रवारीय परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। इस अवसर पर आयोजित परेड पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन एवं समर्पण का प्रतीक होता है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों से पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की ड्रिल, अनुशासन, एकरूपता, टर्नआउट, वेशभूषा एवं शारीरिक दक्षता का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही इसमें शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों को परेड के मानकों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने 26 जनवरी की रैतिक परेड को गरिमामय, अनुशासित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी प्रतिभागी टुकड़ियों को समयबद्ध अभ्यास, कदमताल में तालमेल तथा शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों की शस्त्र सज्जा, परेड उपकरणों तथा वर्दी की साफ-सफाई का भी जायजा लिया। परेड कमांडरों को अनुशासन बनाए रखने एवं सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।