महराजगंज। जिले में मंकी पॉक्स का असर नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। विभाग ने एडवाइजरी जारी कर सीएचसी-पीएचसी प्रभारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। लोगों को शरीर में दाग, जलन और बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक से सलाह लेने का आग्रह किया गया है। शासन ने भी स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि इस घातक बीमारी से निपटने को पूरे इंतजाम किए जाएं। इस संबंध में सीएमओ को पत्र भेजकर एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार मंकी पॉक्स के मरीजों में अधिकांश बुखार, शरीर पर चकत्ते जैसे लक्षण पाए जाते हैं, जिनके कारण कई प्रकार की चिकित्सीय जटिलताएं भी हो सकती हैं।
सीएमएस डाॅ. एपी भार्गव ने बताया कि मंकी पाॅक्स एक तरह से संक्रमण की बीमारी है, जो इसका शिकार होता है उसे तेज बुखार के अलावा सिरदर्द की भी शिकायत रहती है। मांसपेशियों में खिंचाव, पीठ दर्द और सूजन भी रहती है।
मंकी पॉक्स को लेकर विभाग पूरी तरह अलर्ट है। एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। सभी सीएचसी व पीएचसी अधीक्षकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी व्यक्ति में यह लक्षण मिले तो उसे विशेष वार्ड में भर्ती कराएं। जिले में अभी कोई असर नहीं है।
-डॉ. दिलीप सिंह, सीएमओ