महराजगंज। युद्ध की विषम परिस्थितियों में सिविल डिफेंस माक ड्रिल हुआ। बुधवार को एक घंटे की माॅकड्रिल में खतरे का सायरन गूंजा तो बचाव के तरीकों से लोग रूबरू हुए। 10 मिनट तक ब्लैक आउट अर्थात बत्ती गुल रही।
पुलिस लाइन बिल्डिंग व केएमसी मेडिकल काॅलेज के सामने माकड्रिल हुआ। युद्ध स्थित होने पर आम नागरिक क्या करें, कैसे छिपे और बचाव के लिए क्या करें आदि के बारे में जानकारी दी गई। बुधवार को शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे तक पुलिस लाइन परिसर व केएमसी मेडिकल काॅलेज परिसर में सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस विभाग, फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, मेडिकल विभाग, विद्युत विभाग, होम गार्ड्स और नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस लाइंस में 6:32 बजे आतंकियों के हमले जैसी स्थिति बनाई गई। कुछ लोग इस हमले में मारे जाते, कुछ लोग घायल हो जाते हैं। इसमें टीम पहुंचकर बचाव राहत शुरू करती है। 6:40 बजे पुलिस लाइन में बने बिल्डिंग पर चार राउंड हवाई हमला होता है। स्थानीय प्रशासन पहुंचकर सभी को घरों से बाहर निकालते हुए सुरक्षित स्थानों पर भिजवाते हैं। तीसरी मंजिल पर बिल्डिंग में आग लगने के कारण कुछ लोग फंसे रहते हैं। अग्निशमन की गाड़ियां पहुंचकर बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकालती है। आग पर काबू पाती है। पूर्वाभ्यास के दौरान सायरन और धमाकाें की गूंज होती रही। एक पल के लिए लोगों को युद्ध जैसी स्थिति का अहसास हुआ।
इस मौके पर एडीएम डॉ. पंकज वर्जा, एसपी आतिश कुमार, सीएफओ जसवीर सिंह, यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद मौजूद रहे।
सायरन बजाकर ‘एयर रेड’ की सूचना दी :शाम 6:40 बजे पूरे जिले में सायरन बजाकर ‘एयर रेड’ की सूचना दी गई। इसके बाद 6:50 बजे से लगभग 10 मिनट तक ब्लैकआउट किया गया, जिसमें सभी घरों, प्रतिष्ठानों और सड़कों की लाइटें बंद कर दी गईं। पुलिस लाइन की हाईराइज बिल्डिंग जहां ऊंचाई से निगरानी की गई।