महराजगंज। मंगलवार को निबंधन कार्यालय में सर्वर फेल होने के कारण जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। देर शाम तक लोग इंतजार कर घर लौट गए। रजिस्ट्री न होने से 12 से 15 लाख का राजस्व प्रभावित हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रोजाना करीब 40 से 50 लोग रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय पहुंचते हैं। मंगलवार को जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय में कई दस्तावेज जमा किए गए थे, जिनकी रजिस्ट्री होनी थी। सर्वर फेल रहने के कारण एक भी दस्तावेज का निबंधन नहीं हो सका। देर शाम तक सर्वर ठीक न होने के कारण लोग घर लौट गए। रजिस्ट्री कराने आए रामप्रीत ने बताया कि सर्वर नहीं चलने के कारण दिन भर इंतजार करना पड़ा। इसी तरह से सुरेश ने भी समस्या का हवाला देते हुए कहा कि पता नहीं कब सर्वर ठीक होगा।
सदर उप निबंधक वहिदुल्लाह ने बताया कि सर्वर फेल रहने के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। सर्वर ठीक होने के बाद रजिस्ट्री होगी। इसे दुरूस्त करने के लिए काम चल रहा है।