मरम्मत के दौरान पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा/धानी (महराजगंज)। वनदेईया बांध क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के दौरान ट्रैक्टर पलट जाने से चालक की मौत हो गई। चालक की मौत की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिंचाई विभाग बृजमनगंज थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर स्थित वनदेइया बंधे की मरम्मत का काम करा रहा है। सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा ब्लॉक के कुड़जा निवासी संजय (34) रविवार की रात बांध पर गिरी मिट्टी बराबर करने काम कर रहा था कि अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बांध से नीचे पलट गया। इस हादसे में चालक संजय ट्रैक्टर के नीचे दब कर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग घायल अवस्था में चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी ले गये। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। चालक की मौत की सूचना मिलते ही कार्यदायी संस्था के लोग मौके पर पहुंच गये। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।