महराजगंज। सीडीओ अनुराज जैन ने विकास खंड मिठौरा के विभिन्न ग्राम पंचायतों में ऑडिट का अनुपालन न करने पर तत्कालीन सचिव अमरेंद्र पटेल को वसूली की चेतावनी दी। मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी किए गए पत्र में बताया गया है जिले के मिठौरा ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2016-17 की लेखा परीक्षा में अनियमितताएं मिली हैं।
जिला लेखा परीक्षा अधिकारी, सहकारी समितियां एवं पंचायतें, महराजगंज की ओर से कि गई वार्षिक लेखा परीक्षा में कई ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितताएं उजागर हुई थीं। पंचायती राज अधिनियम 1947 की धारा 27 और नियमावली के नियम 256, 257 एवं 258 के तहत इन मामलों में कार्रवाई होनी थी। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने 5 अगस्त 2024 और 6 दिसंबर 2024 को पत्र जारी कर अनुपालन रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।
इस मामले में सीडीओ कार्यालय ने तत्कालीन सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र ही अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई तो कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। यह नोटिस सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), मिठौरा एवं नौतनवा के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों को भेजा गया है।सीडीओ ने बताया कि अंतिम नोटिस निर्गत करते हुए निर्देशित किया जाता है कि संबंधित प्रधान, ग्राम पंचायत से समन्वय स्थापित करते हुए उक्त ग्राम पंचायतों में लंबित आडिट प्रस्तर की अनुपालन आख्या संबंधित साक्ष्यों सहित 07 दिवस के भीतर जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। संवाद