-सूजन के कारण फट रही त्वचा, खुजली से बन घाव
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। बढ़ती सर्दी सेहत पर भारी पड़ती जा रही है। ठंड जनित रोगों का दायरा तो बढ़ ही रहा है हाथों-पैरों में सूजन और खुजली की समस्या भी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को खराब मौसम के बाद जिला अस्पताल की ओपीडी में 734 मरीजों का उपचार किया गया, जिसमें 17 त्वचा रोगी रहे।
ठंड में अस्पताल की बढ़ती भीड़ के कारण दो घंटे से पहले लोगों का नंबर ओपीडी में नहीं आ रहा है। पैथालॉजी की जांच में भी मरीज अधिक होने के कारण विलंब हो रहा है। ओपीडी में सर्दी जुकाम, बुखार, खांसी और सांस के मरीजों के अलावा हाथ-पैर में सूजन और त्वचा फटने की समस्या भी बढ़ती जा रही है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डाॅ. एके द्विवेदी के मुताबिक, सर्दी में नस सिकुड़ने की समस्या के कारण रक्त परिसंचरण प्रभावित होने के कारण रक्त प्रवाह हाथों-पैरों में पर्याप्त नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे सूजन और त्वचा फटने की समस्या हो रही है। त्वचा जहां फट रही है वहां खुजली की दिक्कत होती है।
ऐसे मरीज रोजाना आठ से 10 की संख्या में पहुंच रहे हैं। मंगलवार को ऐसे 17 रोगी आए, जिन्हें जांच के बाद दवाएं दी गईं। बताया कि अगर इसपर ध्यान नहीं दिया जाता तो त्वचा जहां फटती है, वहां घाव होने से समस्या बढ़ जाती है। इसलिए हाथो-पैरों में सूजन हो तो डाॅक्टर से संपर्क करें।
अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने से थोड़ा समय लगता है। आने वाले हर मरीज को मर्ज के अनुरूप दवा उपलब्ध कराते हुए सर्दी से बचाव के लिए हिदायत दी जा रही है।
-डाॅ.एपी भार्गव, सीएमएस