राखी बांधने के लिए जिला जेल के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : MAHARAJGANJ
भाई की कलाई पर राखी बांध की लंबी उम्र की कामना
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। भाई-बहनों के बीच आपसी स्नेह का पर्व रक्षाबंधन जिले में हर्ष और उल्लास से मनाया गया। घरों में बहनों ने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर लंबी उम्र की कामना की। वहीं, भाइयों ने बहनों को रक्षा का वचन देने के साथ ही उपहार भी दिए।
एसएसबी कैंप चिउरहा में आरके सन साइन एकेडमी की छात्राओं ने जवानों को राखी बांधी। डिप्टी कमांडेंट अंजनी कुमार तिवारी, असिस्टेंट कमांडेंट मुनेश कुमार समेत अन्य जवानों को छात्राओं ने राखी बांधी। वहीं एकल अभियान के तहत महिलाओं ने भी जवानों को रक्षा सूत्र बांधा। इसके अलावा बिशप अकादमी में छात्राओं ने रक्षा सूत्र बांधा। पूरे जिले में रक्षाबंधन एवं स्वतंत्रता दिवस की धूम मची रही। बधाई संदेश भेजने का क्रम चलता रहा। वहीं देर रात तक मिठाई की दुकानों पर भीड़ लगी रही। आंखों में आंसू और हाथों में राखी के साथ ही चेहरे पर खुशी के भाव लेकर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने का दृश्य जिला कारागार में देखने को मिला। जहां दूरदराज से बहनें जेल में बंद अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र राखी बांधने आईं। दरअसल, रक्षाबंधन होने के कारण सुबह से ही जिला कारागार में परिसर में बहनों के आवागमन का क्रम शुरू हो गया। इस दौरान कुछ बहनों की आंखें अपने भाइयों को जेल में बंद होने पर राखी बांधते समय भर आईं। सुबह से ही जेल में राखी बांधने के लिए बहनें अपने पति, बच्चों के साथ भाई को राखी बांधने के लिए आई हुई थीं। वहीं जेल प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
.....
भाई ने उपहार में दिया पौधा
लेहड़ा बाजार। बृजमनगंज क्षेत्र के नरायनपुर गांव में एक भाई ने रक्षाबंधन पर अपनी दो बहनों से कलाई पर राखी बंधवाने के बाद एक-एक पौधा देकर अनूठी पहल की है। हर साल रक्षाबंधन पर भाई की तरह पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया। संजू चौरासिया निवासी उसका बाजार और मंजू चौरसिया निवासी परसा महंथ फरेंदा रक्षा सूत्र बांधने नरायनपुर पहुंचीं। नरायनपुर निवासी नागेन्द्र चौरसिया प्रधानाध्यापक ने रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद अपनी बहनों को उपहार स्वरूप पौधा भेंट कर ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता के लिए अनूठी पहल की। राखी के पर्व पर प्रतिवर्ष पौधा लगाने का संकल्प दिलाया।
.....
शिव दरबार में बांधी राखी
ठूठीबारी। रक्षाबंधन पर्व पर भगवान शंकर को जलाभिषेक के बाद बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध उनकी लंबी उम्र की कामना की। बृृहस्पतिवार की सुबह शिव मंदिर ईटहियां में रक्षाबंधन पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखी। इस दौरान बहनों ने पंचमुखी भगवान शंकर को जलाभिषेक कर मंदिर परिसर में भाइयों की कलाई पर रक्ष सूत्र बांध माथे पर चंदन तिलक लगा आरती की तथा भाइयों की लंबी उम्र की कामना की।