धर्मपुर गांव में लिंग आधारित हिंसा के विरूद्ध जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करती बीएमएम गायत्र?
- फोटो : MAHARAJGANJ
जो आपको अच्छा नहीं लगता उसके विरुद्ध आवाज जरूर उठाएं
परतावल। महिलाओं के खिलाफ होने वाली घरेलू हिंसा, लिंग आधारित हिंसा एवं भेदभाव के उन्मूलन के प्रति जागरूकता के लिए मंगलवार को धर्मपुर में कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस मौके पर ब्लॉक मिशन मैनेजर गायत्री राय ने कहा कि जो आपको अच्छा नहीं लगता उसके विरुद्ध आवाज जरूर उठाएं।
कार्यशाला के दौरान ब्लॉक मिशन मैनेजर ने कहा कि महिला, पुरुष एवं ट्रांसजेंडर के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करना है। उन्होंने सभी के लिए स्लोगन ‘सहेंगे नहीं, कहेंगे,’ ‘नई चेतना, पहल बदलाव की’ देते हुए कहा कि जो आपको अच्छा नहीं लगता उसके विरुद्ध आवाज जरूर उठाएं।
आप द्वारा पहले अपराध को न रोकना ही दूसरे अपराध को बढ़ावा देता है। जिस दिन आप अपने प्रति हो रहे उत्पीड़न को बर्दाश्त करना छोड़ देंगे, उसी दिन उत्पीड़न बंद हो जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि घर में बेटा-बेटी में होने वाले भेद को समाप्त करें। रत्ना त्रिपाठी ने बताया कि बाल विवाह निरोधक अधिनियम 1929 के बाद बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 लागू है। जिसके तहत बाल विवाह पर रोक लगाने, पीड़ितों को राहत देने और इस तरह के विवाह को बढ़ावा देने वालों के लिए सजा का प्रावधान है। इसमें दोषी पाए जाने पर दो साल का कठोर कारावास या एक लाख रुपये जुर्माना या दोनों हो सकता है। इस दौरान ग्राम प्रधान राजनंदिनी, सुग्रीव जायसवाल आदि मौजूद रहे।