महराजगंज। रविवार को दिन में तेज धूप से लोगों को गर्मी से परेशानी हुई। लेकिन देर शाम को धूल भरी आंधी के बाद तेज गर्जना के साथ जिले में तमाम स्थानों पर बारिश हुई तो लोगों को राहत मिली। वहीं किसानों के चेहरे खिल गए। हांलाकि कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हुई, तो कुछ जगहों पर केवल धूल भरी आंधी और बादलों में तेज गर्जना हुई।
शहर में रविवार की देर शाम शहर में आंधी, चमक गर्जना के साथ तेज बारिश हुई है। लोगों ने कहा कि हवा के साथ बारिश होने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं किसानों ने कहा कि बारिश होने से बेहन डालने में ज्यादा पानी नहीं चलवाना पडे़गा। जिले के नौतनवां, निचलौल, ठूठीबारी, रनतपुर, अड्डा बाजार आदि क्षेत्र में झमाझम बारिश के साथ तेज आंधी और गर्जना हुई है। बारिशशि होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। ईंट भट्ठा पर नुकसान हुआ है। भट्ठा मालिक विशंभर चौहान ने बताया कि बारिश से कच्चे ईंट गल गए, जिससे नुकसान हुआ है। जिला कृषि अधिकारी रवि मणि त्रिपाठी ने कहा कि बेहन डालने के लिए खेत में ज्यादा पानी नहीं चलाना पडे़गा, क्योंकी बारिश से जमीन में नमी आ गई है। मौसम वैज्ञानिक कैलाश पांडेय ने बताया कि रात भर मौसम में नमी बनी रहेगी। करीब सात एमएम बारिश हुई है।