अतिक्रमण हटाने के लिए रेलवे ने चलवाई जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
बृजमनगंज (महराजगंज)। रेल प्रशासन ने बृजमनगंज स्टेशन परिसर में अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने जेसीबी के जरिए अतिक्रमण ध्वस्त कर रेल परिसर की जमीन खाली कराया। इस दौरान आवंटन के बगैर संचालित की जा रही तीन दुकानों सहित चाय की भट्ठियां भी तोड़ दी गईं। रेल प्रशासन की तरफ से स्टेशन परिसर व रेलवे की अन्य जगहों पर स्थित जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों को एक सप्ताह पहले सूचना दी गई थी।
रेल प्रशासन की तरफ से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दिए जाने के बाद कुछ लोगों ने गुमटी आदि पहले ही हटा लिया था। इस बीच शुक्रवार को दोपहर में रेल प्रशासन की टीम रेलवे स्टेशन बृजमनगंज पहुंची। सबसे पहले धानी रोड स्थित रेलवे ढाले की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। धानी ढाले पर रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर वहां जेसीबी के जरिए गड्ढा खोद दिया गया। वहां कुछ चाय की भट्ठियां भी थीं, जिसे जेसीबी से तोड़ दिया गया। इसके साथ ही जिन स्थानों स अतिक्रमण हटाए गए, वहां जेसीबी से ही गड्ढे भी खोद दिए गए, ताकि उन जगहों पर फिर से लोग अतिक्रमण न कर सकें।
इसी तरह कस्बे के स्टेशन रोड पर भी अभियान चला। यहां तीन दुकानें आवंटन के बगैर संचालित होते हुए मिलीं। तीनों दुकानों को जेसीबी से गिरवा दिया गया। स्टेशन रोड पर गुमटी, ठेला आदि भी हटाए गए। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में अफरातफरी मची रही। इस मौके पर सीनियर सेक्टर इंजीनियर (कार्य) मनोहर कुमार, सहायक मंडल इंजीनियर हिरामन यादव आदि मौजूद रहे।