रेलवे आरक्षण केंद्र बंद, टिकट के लिए बढ़ीं दुश्वारियां
भवन जर्जर होने के कारण बंद किया गया है आरक्षण केंद्र, नोटिस चस्पा
भवन की व्यवस्था होने पर दोबारा किया जाएगा आरक्षण केंद्र का संचालन
महराजगंज। शहर के इकलौते रेलवे आरक्षण केंद्र को बंद कर दिया गया है। इस केंद्र से हर दिन औसतन 200 से अधिक लोग टिकट खरीदते थे। आरक्षण केंद्र के बंद होने से लोगों को गोरखपुर जाना पड़ रहा है। इसके अलावा ऑनलाइन टिकट लेकर काम चलाना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय के रेल मार्ग से नहीं जुड़ने की वजह से यह आरक्षण केंद्र लोगों के लिए काफी मुफीद साबित हो रहा था।
जानकारी के अनुसार, शहर का रेलवे आरक्षण केंद्र इसी माह दो अगस्त को बंद कर दिया गया। दीवार पर नोटिस चस्पा करके बताया गया है कि आरक्षण कार्यालय के जर्जर भवन को देखते हुए इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जब भवन की मरम्मत या नया भवन उपलब्ध करा दिया जाएगा, तब आरक्षण केंद्र का संचालन फिर शुरू होगा। यह सूचना मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ के आदेश पर चस्पा की गई है। जानकारी के अभाव में अधिकतर लोग प्रतिदिन आरक्षण केंद्र पर पहुंच रहे हैं और निराश होकर लौट रहे हैं।
बुधवार को मटिहनवा के राधेश्याम यादव आरक्षण केंद्र पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि लुधियाना जाने के लिए टिकट लेना था, लेकिन केंद्र बंद है। बेलासपुर के नरेश कुमार ने बताया कि टिकट लेने के लिए गोरखपुर या निजी केंद्र पर जाना पड़ेगा। आरक्षण केंद्र खुला रहता था, तो समस्या नहीं होती थी। सोनाड़ी खास गांव के रहने वाले महेंद्र पासवान ने बताया कि पता नहीं केंद्र का संचालन कब होगा। जिला मुख्यालय पर रेल की सुविधा नहीं है। एक आरक्षण केंद्र था, उसे भी बंद कर दिया गया।
---
केंद्र का संचालन बंद नहीं होना चाहिए। आरक्षण टिकट लेने में असुविधा हो रही है। जिले से तमाम लोग काम करने दिल्ली, मुंबई, पंजाब जाते हैं, उनको ज्यादा समस्या है। प्रशासन को इससे संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
- दशरथ गुप्ता, पूर्व मीडिया प्रभारी, रोटरी क्लब
---
जिला मुख्यालय तो आज तक रेल मार्ग से जुड़ नहीं पाया। एक आरक्षण केंद्र था, उसे भी बंद कर दिया गया है। इस समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
- संतोष कुमार श्रीवास्तव, एडवोकेट, दीवानी कचरी महराजगंज
------
लोगों को समस्या न हो, इसे ध्यान में रखते हुए आरक्षण केंद्र संचालित कराने के लिए जल्दी ही कोई व्यवस्था की जाएगी।
- सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी
------
महराजगंज जिला मुख्यालय पर कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली लगाने के लिए भवन जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया गया था। भवन की मरम्मत की आवश्यकता है, जिसके लिए जिला प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। भवन की मरम्मत होने के बाद व्यवस्था फिर से बहाल कर दी जाएगी।
- पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे