आबकारी विभाग की मंडलीय टीम ने लोधपुरवां में छापा मारा
फरेंदा/धानी। क्षेत्र में कच्ची शराब का बड़ा हब बन रहे बृजमनगंज क्षेत्र के लोधपुरवां में सोमवार को आबकारी विभाग की मंडलीय टीम ने छापा मारा। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर व महराजगंज की आबकारी टीम फोर्स के साथ पहुंची तो कच्ची शराब के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया। हालांकि धंधेबाज फरार होने में सफल रहे।
जिला आबकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के अनुसार फरेंदा क्षेत्र के लोधपुरवा ताल में छापा मारा गया। वन विभाग के स्टीमर की मदद से सघन तलाशी ली गई। ताल व आसपास की जगहों पर छिपाकर रखी गई करीब 100 क्विंटल से अधिक महुआ लहन नष्ट की गई। टीम को देखकर कच्ची शराब के धंधेबाज भागने में सफल रहे। आगे भी क्षेत्र में कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में आबकारी निरीक्षक रवि विद्यार्थी, आबकारी निरीक्षक संदीप नाथ त्रिपाठी, अमित कुमार श्रीवास्तव, मिथिलेश कुमार, राकेश कुमार यादव, केके सिंह, निर्झरिणी पांडेय, सत्येंद्र कुमार यादव, अमित कुमार दूबे आदि मौजूद रहे।