- नौतनवां ब्लॉक के बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार में मानक की अनदेखी का लगाया आरोप
- पीडब्ल्यूडी जेई बोले- नियमों के मुताबिक हो रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
परसामलिक। नौतनवां ब्लॉक के बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार गांव में बृहस्पतिवार को सीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए काम बंद करा दिया। उन्होंने सड़क में इस्तेमाल सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।
भगवानपुर मदरी से चखनी चौराहे तक लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार गांव के कुछ हिस्से में सीसी सड़क बनाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इसी को लेकर उन्होंने मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताई और कार्य रोक दिया।
ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में दिग्विजय सिंह, ज्ञान सिंह, नंदलाल चौधरी, जय सिंह, जितेंद्र चौधरी, मोहित वरुण, दुर्विजय चौहान, कुंडल, राकेश पासवान, साधु शरण पासवान, भगेलू चौधरी, रामसुभग यादव, केदार चौधरी, त्रिभुवन चौधरी, रामसजन यादव, प्रदीप चौहान और गणेश चौधरी समेत अन्य लोग शामिल रहे।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई राहुल प्रसाद जिज्ञासु ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है।