नोकझोंक के बाद बस के आगे चढ़ने का वीडियो वायरल, पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौक पर गोरखपुर से महराजगंज की तरफ जा रही रोडवेज बस के चालक व बाइक सवारों के बीच हुई नोकझोंक व कहासुनी के बाद युवक बस के आगे चढ़ गया। बस चालक भी बस लेकर आगे बढ़ता गया। इसका किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में परतावल कस्बे के मुख्य चौराहे पर रोडवेज की बस खड़ी दिख रही है। किनारे से एक युवक आकर चालक की खिड़की से चालक को खींचने की कोशिश करता दिख रहा है। करीब एक मिनट युवक ने कोशिश की। इतने में बस आगे बढ़ जाती है। बगैर डरे युवक आगे पावदान पर खड़ा होकर शीशे पर चोट करता रहा। बस तेजी से आगे करीब 200 मीटर बढ़ गई। लोगों ने शोरगुल किया तो बस आगे रुक गई। युवक नीचे उतरा तो बस चली गई। यह नजारा जिसने भी देखा, उसके रोंगटे खड़े हो गए। गनिमत रही की युवक बस की चपेट में नहीं आया। आस पास के लोगों ने शोर मचाया तो किसी तरह से बस रूकी।
लोगों ने बताया कि बस कुछ दूर आगे गई तो होती तो युवक बस की चपेट में आ जाता। इस वायरल वीडियो को लोग शेयर कर रहे हैं। बस चालक और युवकों में क्या विवाद है, इसके बारे में सटीक जानकारी नहीं मिल पा रही है। किसी ने इस वीडियो को ट्विटर पर पोस्ट कर दिया है। पुलिस की ओर से इस प्रकरण में जांच की बात कही जा रही है। ट्विटर के जरिये महराजगंज पुलिस ने जांच करने की जानकारी दी गई। श्यामदेउरवा थाने के उप निरीक्षक संदीप यादव ने बताया कि कहासुनी का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जा रही है। युवक कहां का रहने वाला है, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।