निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी शीतलापुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। झुलनीपुर सीमा क्षेत्र में नेपाल से भारतीय सीमा में तस्करी कर लाया जा रहा 600 किलोग्राम तृतीय देश का कद्दू बीज बरामद किया है। दो आरोपी भी पकड़े गए हैं।
एसएसबी के एसआई ललित मोहन ने बताया कि सूचना पर टीम ने नाकाबंदी की थी। इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोग सिर पर बोरे लादकर नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करने का प्रयास करते दिखे। जवानों ने रुकने का संकेत दिया तो आरोपी भागने लगे। टीम ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
तलाशी में 15 बोरियों में 600 किलोग्राम कद्दू बीज मिला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के नवलपरासी जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के भैरमपुर निवासी गोपाल कुर्मी और अमरजीत कुर्मी के रूप में हुई। टीम ने बरामद बीज और पकड़े गए आरोपियों को निचलौल कस्टम के सुपुर्द कर दिया।
सीओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। सीमा पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।