महराजगंज। जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को पीपीपी और मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिये मजबूती मिल रही है। सितंबर में पीपीपी के तहत रोजाना औसतन 28 मरीजों का सीटी स्कैन हुआ।
डायलिसिस यूनिट के सभी बेड फुल रहे। वहीं, मोबाइल यूनिट के तीन वाहनों ने 72 चक्कर लगाकर 4347 मरीजों को उपचार व जांच की सुविधा दी। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में सीटी स्कैन कराने वाले सभी मरीजों को जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई। रिपोर्ट वितरण शत-प्रतिशत रहा।
डायलिसिस सेवा के तहत 914 मरीजों को नेफ्रोलॉजिस्ट से फीडबैक मिला। हालांकि, अगस्त में यह संख्या 1014 थी। उपकरणों के रखरखाव की स्थिति में सुधार भी दर्ज किया गया। अगस्त में सात दिन से अधिक समय से खराब छह उपकरणों के मुकाबले सितंबर में केवल एक उपकरण खराब मिला।
शिकायतें बढ़ीं, 256 का हुआ निस्तारण : पीपीपी सेवाओं को लेकर टोल फ्री नंबर पर दर्ज शिकायतों में बढ़ोतरी हुई है। अगस्त में 216 शिकायतें मिली थीं, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा बढ़कर 273 हो गया। इनमें से 256 शिकायतों का निस्तारण किया गया, जबकि 17 शिकायतें लंबित रहीं।