सोशल मीडिया पर रील डालना पड़ा भारी
महराजगंज। पुलिस ने सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन के मामले में पीआरवी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल चालक को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी निचलौल को सौंप दी गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो एवं रील का संज्ञान लेते हुए मामले की तत्काल जांच कराई गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि थाना घुघली क्षेत्र में पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल चालक शिव प्रकाश गौड़ ने विभागीय सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया पर रील पोस्ट की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा पूरे प्रकरण की जांच के लिए सीओ निचलौल को नामित किया गया है। जांच रिपोर्ट में प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा ऐसी किसी भी रील, वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट का निर्माण एवं प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित है, जिससे पुलिस विभाग की छवि, गरिमा या अनुशासन प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।