महराजगंज। नवागत पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। गार्द की सलामी दी गई। पुलिस लाइन महराजगंज का भ्रमण किया। परिसर में भ्रमण कर समस्त शाखाओं, कार्यालयों आदि की जांच की।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाना प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी थानेदार स्थानीय स्तर से ही समस्याओं को निस्तारित करें। जिससे लोगों को इधर-उधर भटकना न पड़े।
सोमेंद्र मीना वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला है। आईपीएस अफसर के रूप में उनकी पहली नियुक्ति 18 दिसंबर 2017 को हुई थी। दो जुलाई 1992 को जन्में सोमेन्द्र मीणा मूल रूप से राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय सवाई माधोपुर से हुई। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के किरोड़ीमल कॉलेज से भूगोल में स्नातक की डिग्री ली। डीयू में पढ़ाई के दौरान विभिन्न क्विज प्रतियोगिताओं और ‘मानचित्रों द्वारा भूगोल’ की प्रतियोगिताओं के वे प्रथम विजेता रहे। आईपीएस सोमेंद्र मीणा की पहली तैनाती इंस्पेक्टर, एत्मादपुर थाना, आगरा के रूप हुई। इस पद पर वह यहां छह महीने तक रहे। वह प्रयागराज में सहायक पुलिस अधीक्षक के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं। प्रयागराज से प्रोन्नत होकर उनको कानपुर में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के पद पर पदस्थापित किया गया। जहां उन्होंने गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपियों पर सख्ती के साथ कार्रवाई की और चोर, लुटेरे, बदमाशों को जेल भिजवाया।