नेपाल के लोगों ने नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर की नारेबाजी
सोनौली। छुट्टा पशुओं के प्रबंधन के नाम पर नेपाल में सिद्धार्थनगर नगरपालिका कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा पशुओं को ट्रक से बांधकर घसीटे जाने पर शहरवासियों में काफी आक्रोश है। लोगों ने बृहस्पतिवार को नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की ।
दीपलव शाही, हरि पौडेल, धीरेंद्र पंथ, कमलेश गुप्ता ने बताया कि नगरपालिका की कार्यशैली ठीक नहीं है। नगर निगम के कर्मचारी व नगर पुलिस की टीम पशुओं को नगर पुलिस की गाड़ी के पीछे खिंचकर ले गई है। कुछ समय पहले बुद्धा चौक में एक गाय को ट्रक के पीछे बांधे जाने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी तरह बुधवार देर रात एक और तस्वीर ने सोशल मीडिया में हंगामा कर दिया है।
सिद्धार्थनगर नगरपालिका प्रमुख इस्तियाक अहमद खान ने बताया कि घटना वैसी नहीं हुई, जैसा कि तस्वीर में दिखाया गया है। ये पशु गाय नहीं है। उसे काबू में करने में 4-5 लोग घायल हो गए। मामले की जांच की जा रही है। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।