बीएडीपी की 21 परियोजनाओं की रफ्तार धीमी
वित्तीय वर्ष 2018-19 में स्वीकृत 28 में से सात कार्य हो सके हैं पूरे
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। सीमा क्षेत्र विकास निधि (बीएडीपी) योजना के अंतर्गत वर्ष 2018-19 में स्वीकृत हुए कार्यों की रफ्तार बढ़ने का नाम नहीं ले रही है। वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद भी स्वीकृत हुए महज सात कार्य ही पूरे हो सके हैं। अवशेष 21 कार्य कब तक पूरे होंगे, इसकी जानकारी जिम्मेदार देने से परहेज कर रहे हैं।
बीएडीपी योजना के तहत जिले के चार ब्लाकों बृजमनगंज, लक्ष्मीपुर, नौतनवां व निचलौल का चयन हुआ है। चारो ब्लाकों में वित्तीय वर्ष 2018-19 में कुल 28 कार्य स्वीकृत हुए। इन कार्यों के क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से छह करोड़ 85 लाख रुपये अवमुक्त भी हो गए। अवमुक्त रकम में से अब तक महज महज दो करोड़ 64 लाख रुपये ही व्यय हो पाए हैं और इस रकम से सिर्फ सात कार्य पूरे हो सके हैं। अन्य 21 कार्यों के पूरा न होने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ये कार्य कब तक पूरे होंगे, इसके बारे में कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय यादव ने कहा कि बीएडीपी योजना के जिन कार्यों की गति धीमी है, उन्हें पूरा कराने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दे दिए गए हैं।
ये कार्य नहीं हो पाए हैं पूरे
योजना के तहत जो 21 कार्य पूरे नहीं हुए हैं उनमें बृजमनगंज ब्लॉक में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने, दुर्गापुर में टायलेट ब्लॉक का निर्माण, सीएचसी बहदुरी में बाउंड्रीवाल व सीसी रोड के निर्माण के प्रस्ताव शामिल हैं। इसी तरह विभिन्न गांव में किसान शेड के निर्माण, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाना है। नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र में आठ हाईमास्ट लगाने, मुड़िला में किसान शेड के निर्माण, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम, टायलेट ब्लाक के निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र भवन, पुलिया व सीसी रोड का भी निर्माण होना है। निचलौल ब्लॉक में सोलर हाईमास्ट लगाने, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम व पुलिया निर्माण कराया जाना है। इसी तरह से लक्ष्मीपुर ब्लॉक में सीसी रोड के निर्माण व कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम अधूरा है।