जिला अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी में आते हैं 700 से अधिक मरीज, बाहर से दवा खरीदने को हैं मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में मरीजों को गैस की दवाई बाहर से खरीद करनी पड़ रही है। एक सप्ताह से गैस की गोली का स्टाॅक समाप्त हो गया है। गैस की अलग-अलग दो दवा बीते दो माह से नहीं है। एक दवा बची थी, वह भी एक सप्ताह पहले समाप्त हो गई। अब मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 700 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए आते हैं। डॉक्टर पर्चा पर दवा लिखते समय जरूरत के अनुसार मरीज को गैस की दवा जरूर लिखते हैं। काउंटर पर जाते ही मरीज को गैस की गोली नहीं होने की जानकारी मिलती है, इससे मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है। महंगे दाम पर दवा खरीदने से मरीजों की जेब ढीली हो जा रही है। जिला अस्पताल के डॉ. एवी त्रिपाठी ने बताया कि जिस मरीज को एंटीबायोटिक दवा दी जाती है, उसके साथ गैस की दवा जरूरी है। गैस की दवा लगभग हर मरीजों को दी जाती है। घुघली के राजेश यादव ने बताया कि अस्पताल में आया तो डॉक्टर द्वारा गैस की दवा लिखी गई है। बाहर से खरीदनी पड़ी। अस्पताल में गैस की दवा नहीं मिली। निचलौल से अपनी बहन का इलाज कराने आए रोहन ने बताया कि गैस की दवा नहीं मिलने पर बाहर दुकान से लेना पड़ा।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों को सभी निशुल्क दवाएं दी जा रही हैं। एक सप्ताह के अंदर गैस की दवा उपलब्ध हो जाएगी।