- जिले में संचालित होने वाले 29 राजकीय इंटर कॉलेजों में से अधिकांश में अच्छी नहीं है खेलों की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में संचालित होने वाले सभी 29 राजकीय विद्यालयों में खेलों की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। कारण की कहीं खेल मैदान नहीं है तो कहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकों में इच्छा शक्ति की कमी। जब तक दोनों ही क्षेत्र में ध्यान नहीं दिया जाएगा, स्कूली विद्यार्थी खेल में आगे नहीं बढ़ सकेंगे।
जिले में पांच राजकीय व दो राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के साथ ही 22 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें से अधिकांश में जहां खेल मैदान नहीं है, वहीं प्रधानाचार्यों व शिक्षकों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए इच्छाशक्ति की कमी दिख रही है। जिसकी वजह से विद्यालयों में अध्ययनरत 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को जहां खेल का लाभ नहीं मिल पा रहा है, वहीं असमय वे रास्ते से भी भटक जा रहे हैं। स्कूलों में खेल व खिलाड़ियों के विकास की दिशा में सार्थक पहल करना होगा। पनियरा के खिलाड़ी सुबोध ने कहा कि स्कूलों में खेल के विकास पर जोर दिया जाना चाहिए। रोशन ने कहा कि संसाधन को बढ़ावा मिले तो खिलाड़ी आगे बढ़ सकेंगे।
केस एक- राजकीय इंटर कॉलेज पनियरा में खेल मैदान के रूप में बड़ा स्थल तो है, मगर उस पर ध्यान न देने से समस्या आ रही है। यदि शिक्षक व प्रधानाचार्य ध्यान दे दें तो न सिर्फ उसकी स्थिति सुधर जाएगी, बल्कि स्कूली खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।
स्थिति दो- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज धनेवा में खेल मैदान के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। स्कूली छात्राएं स्कूल परिसर के सामने स्थित खाली जगह पर ही खेलने को मजबूर हैं। खेल मैदान की उपलब्धता की दिशा में पहल करना चाहिए।
नए सत्र में शिक्षा के साथ-साथ खेलों के विकास की दिशा में भी प्रयास होंगे। इस बात पर अधिक जोर होगा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा निखर कर सामने आए।
अमरनाथ राय, जिला विद्यालय निरीक्षक