जिला अस्पताल में लगे आरओ के पास फैली गंदगी
- पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं तीमारदार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला अस्पताल में समस्याओं का अंबार है। अस्पताल के अंदर तो जैसे-तैसे सफाई हो जाती है। लेकिन परिसर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। कूड़े से भरी जाम नाली, जलभराव में पनप रहे मच्छर अस्पताल की पहचान बन चुके हैं। आरओ प्लांट के आसपास गंदगी फैली हुई है। जिसकी वजह से तीमारदारों को पानी का बोतल खरीदकर पीना पड़ता है।
जिला अस्पताल परिसर में जलभराव के वजह से नालियों में मच्छर पनप रहे हैं, जो संक्रामक रोगों को बढ़ावा दे रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। वहीं स्वच्छ पेयजल के लिए लगा आरओ प्लांट लगाया गया है लेकिन यह काम नहीं करता है। आसपास गंदगी भी फैली हुई है। जिसकी वजह से लोगों को पानी का बोतल खरीदकर पीना पड़ता है।
वहीं ब्लड बैंक के सामने की नाली पूरी तरह से कचरे से भरी है। जच्चा बच्चा वार्ड के सामने कूडे़ का अंबार है। जलभराव होने में तेजी से मच्छर पनप रहे हैं। यही नहीं प्राईवेट वार्ड के सामने चैनल के बाहर काफी गंदगी है। जिससे उठने वाली दुर्गंध से लोगों को परेशानी हो रही है।
तीमारदार रत्नेश यादव, वीरेंद्र पांडेय, सत्येंद्र ने कहा कि अगर अस्पताल प्रशासन की ओर से स्वच्छ पेयजल के लिए लगे आरओ प्लांट के आसपास सफाई कराई जाती तो परेशानी नहीं होती। प्राईवेट वार्ड के सामने चैनल के बाहर गंदगी से दुर्गंध उठने से परेशानी होती है। अस्पताल परिसर में आरओ प्लांट के पास सफाई नहीं होने से बाहर से पानी खरीदकर लाना पड़ता है। लेकिन समस्या को लेकर जिम्मेदार गंभीर नहीं है।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. एके राय ने कहा कि अस्पताल की साफ-सफाई बेहतर ढंग से कराई जा रही है। अगर कहीं गंदगी है तो उसे तत्काल साफ कराया जाएगा। मरीज व तीमारदारों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाता है।