अवैध मिट्टी खनन की जांच के निर्देश
नौतनवां। क्षेत्र की ग्राम सभा हरदी डाली के लोग अधिवक्ता अमित सिंह के नेतृत्व में तीन दिन से सरकारी पोखरी की भूमि पर कब्जा एवं अवैध मिट्टी खनन के विरोध में धरने पर बैठे हैं। सोमवार को भी उनका धरना जारी रहा। एसडीएम ने अवैध मिट्टी खनन के मामले की जांच खनन निरीक्षक को सौंप दी।
अधिवक्ता अमित सिंह का कहना है कि कुछ लोगों की मिलीभगत से हरदी डाली में मौजूद सरकारी पोखरी को कब्जा कर लिया गया है। उसे समतल करने के लिए सैकड़ों ट्राली मिट्टी का भी खनन किया गया। अब वहां बेखौफ प्लॉटिंग की जा रही है। उनका कहना है कि इस मामले से कई बार जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो धरने पर बैठना पड़ा।
एसडीएम दिनेश कुमार मिश्रा का कहना है कि अवैध खनन की शिकायत की जांच खनन निरीक्षक रवींद्र कुमार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। धरने में बाबूलाल, सीताराम साहनी, जोगिंदर गुप्ता, जनार्दन, सच्चिदानंद, अनुराग भारती, दीनानाथ गुप्ता, मंगल प्रसाद चौधरी आदि मौजूद रहे।