महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली रोडवेज बस स्टैंड के पास पार्किंग में निजी बसों का कब्जा है। दर्जनों की संख्या में डग्गामार बसे नेपाल से आने वाले यात्रियों को लेकर दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों तक बेरोक-टोक आ-जा रही हैं।
इससे उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को हर महीने लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। बताया जाता है कि इन डग्गामार बसों की बढ़ती हुई गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है, जिसमें नौतनवा के उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नौतनवा और जिले के परिवहन के पीटीओ शामिल हैं।