छात्रों की कम उपस्थिति पर प्रधानाचार्य का रोका वेतन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश शुक्ला ने सदर ब्लॉक के विभिन्न परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों का नामांकन कम मिलने पर एक प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने और अनुपस्थित मिले एक सहायक व तीन शिक्षा मित्रों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सबसे पहले कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय अमहवां पकड़ी का निरीक्षण किया। यहां बच्चों का नामांकन कम मिला। नामांकित छात्रों के सापेक्ष उपस्थिति भी काफी कम रही। इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्टीकरण भी तलब किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय चौपरिया का भी निरीक्षण किया। यहां सहायक अध्यापिका सरिता, शिक्षामित्र किरन, गीता, रमाकांति त्रिपाठी अनुपस्थित मिलीं। अनुपस्थित शिक्षक एवं शिक्षा मित्रों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय सरडीहा के निरीक्षण के दौरान स्कूल में रंगाई पुताई का काम पूरा नहीं मिला। इस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को कड़ी चेतावनी दी।