मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट, पुलिस मामले की जांच में जुटी
मौके पर पहुंचे पुजारी, उनकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला करने का आरोप
फरेंदा। कस्बे के रामजानकी अतिथि भवन में बृहस्पतिवार की शाम को मामूली बात को लेकर पुजारी के बेटे को बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया। जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो गोलबंद होकर उन पर भी आरोपियों ने लोहे की राॅड व बेल्ट से हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर पंचायत आनंदनगर के वार्ड नंबर आठ निवासी प्रियबंदा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि मेरा बेटा रूपेश बुधवार को दिन में करीब दो बजे रामजानकी अतिथि भवन में भोजन करने गया था। अतिथि भवन में मौजूद कुछ लोगों ने मामूली कहासुनी के बाद पूछा तुम कौन हो तो रूपेश ने बताया कि मैं मंदिर के पुजारी का बेटा हूं। इसके बाद लोगों ने मारना-पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने कमरे का दरवाजा बंद कर रूपेश को बेल्ट व रॉड से बेरहमी से पीटने लगे। घटना की जानकारी किसी ने मंदिर के पुजारी मुकेश को दी तो वह पत्नी के साथ तत्काल मौके पर पहुंच कर दरवाजा खोलने के लिए कहने लगे।
आरोप है कि दरवाजा खोलने के बाद पति व पत्नी सहित एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी मारने लगे। घटना की सूचना तत्काल 112 पुलिस को दिया गया। पुलिस मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी बनकटी ले गई। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।