फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: तैयारी...25 करोड़ से बिछेगा सड़कों का जाल

विज्ञापन
निपनिया का खजुरहा टोला मार्ग बदहाल। 
विज्ञापन
महराजगंज। लंबे समय से बदहाल और कच्ची सड़कों की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने वाली है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो से तीन नई सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। प्रत्येक विधानसभा मेें पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उम्मीद है कि शासन स्तर से मार्च माह तक इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिल जाएगी। अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, पनियरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी जर्दी मार्ग से दुबिअहवा होते हुए रामनगर तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। यह सड़क वर्षों से कच्ची है और बरसात के मौसम में कीचड़, गड्ढों के कारण लोगों का चलना दूभर हो जाता है। इस मार्ग से बैदा, करमहवा, रामनगर, जर्दी और भगड़ा गांव जुड़े हुए हैं।
रामनगर निवासी मनोज कुमार भारती ने बताया कि इस सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। खराब सड़क के कारण बच्चों को स्कूल और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है। सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। तेंदुअहिया गांव में सिपाटी टोला से लोहरौटी टोला होते हुए कंपोजिट विद्यालय छावनी तक जाने वाली सड़क भी कच्ची और जर्जर हालत में है। इस सड़क से होकर स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन

गोलू गुप्ता ने बताया कि यह सड़क करीब छह टोले के लोगों के लिए मुख्य मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि बरसात में बच्चों का स्कूल जाना तक बंद हो जाता है। सड़क के पक्के होने से शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सदर विधानसभा क्षेत्र में भी कई संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में हैं। पिपरदेउरा संपर्क मार्ग से तरकुलवा तक की सड़क लंबे समय से जर्जर है। इस मार्ग पर बड़े–बड़े गड्ढे हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है।
सितेंद्र कुमार ने बताया कि इस सड़क पर चलने से कमर दर्द की परेशानी होनी लगती है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी। वहीं बैजनाथपुर संपर्क मार्ग की हालत भी काफी दयनीय है। इस सड़क से करीब तीन गांवों के लोगों का आना–जाना होता है। अशोक कुमार, देवीशरण सिंह, राजू पासवान, राजकुमार, राजकल आदि का कहना है कि सड़कों का पुर्ननिर्माण कार्य पूरा होने के बाद जिले की करीब दो लाख आबादी को सीधे तौर पर आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें