- उत्तर पुस्तिका संकलन के लिए दो केंद्र चयनित
- एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी, 8 सचल दल गठित
- 111 केंद्रों पर 72,600 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
महराजगंज। यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं पहले चरण में 8 फरवरी को संपन्न हुई। 24 फरवरी से होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारी विभाग ने तेज कर दी है। मंगलवार को स्ट्रांग रूम से लगभग 70 परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाएं भेज दी गईं।
जनपद में 278 माध्यमिक स्कूल संचालित हैं। इनमें पढ़ने वाले 72,600 विद्यार्थी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनके लिए 111 परीक्षा केंद्र पहले से निर्धारित हैं। मंगलवार को उन परीक्षा केंद्र पर उत्तर पुस्तिका भेजे गए, जिन्हें केंद्र प्रभारियों ने रिसीव किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के लिए राजकीय कन्या इंटर कालेज में बने स्ट्रांग रूम से हाईस्कूल के लिए दो लाख एक हजार 378 अ तो 80,538 ब काॅपी भेजी गईं। वहीं इंटर के लिए एक लाख 65 हजार 323 अ तो 49600 ब काॅपी भेजी गईं। काॅपी के प्रत्येक पन्ने पर बोर्ड का लोगो है, जिससे एक भी पेपर इधर से उधर नहीं किया जा सकेगा। साथ ही केंद्रों को उत्तर पुस्तिका कड़ी निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जनपद में दो जगह केंद्र पर परीक्षा पूर्ण होने पर काॅपियां संकलित करने के लिए केंद्र निर्धारित किए गए हैं। महराजगंज इंटर काॅलेज व सेठ आनंद राम जयपुरिया फरेंदा को केंद्र बनाया गया है।
फरेंदा, सदर, निचलौल और नौतनवा एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट का दायित्व दिया गया है। साथ ही क्षेत्राधिकारी सब इंस्पेक्टर तैनात करेंगे। आठ सचल दल जनपद में डीएम की सहमति से बनाए गए हैं, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों को शामिल किया गया है। इन्हें 24 फरवरी से 12 मार्च तक दायित्व निर्वहन करते हुए परीक्षा के दौरान केंद्र निरीक्षण करना होगा।
विभाग ने रोडवेज एआरएम को भेजा पत्र
बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से महराजगंज और सोनौली डिपो को भेजकर 24 फरवरी तक हर रूट पर रोडवेज बसों का संचालन प्रभावी रखने के निर्देश दिए हैं, जिससे परीक्षकों और परीक्षार्थियों को आवागमन में दिक्कत न होने पाए।