महराजगंज। गर्भवती महिलाएं खून की कमी (एनीमिया) की समस्या से जूझ रही हैं। वजन कम होने की भी शिकायत काफी सामने आ रही है। हाई ब्लड प्रेशर एवं दूसरी तरह की भी समस्याएं हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर एक अप्रैल से नौ मई तक सदर सीएचसी में 47 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिसमें आठ उच्च जोखिम के रूप में चिह्नित की गई हैं।
सदर ब्लाॅक प्रोग्राम मैनेजर सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर 47 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। उसमें आठ उच्च जोखिम वाली हैं। सबसे अधिक शिकायत खून की कमी की है। उनके परिजनों की काउंसलिंग की जा रही है। यह भी सुझाव दिया जा रहा है कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का प्रसव अस्पतालों में ही कराएं। खाने-पीने से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।
आयरन युक्त भोजन ग्रहण करें...
सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाएं अंडा, मछली, साबुत अनाज, दालें, बींस, चीज, सोयाबीन, चुकंदर, पालक, सूखे मेवे और शहद आदि का सेवन करें। इससे तेजी से शरीर में आयरन की पूर्ति होती है। दूसरे जरूरी तत्व भी शरीर को प्राप्त हो जाते हैं। इसके अतिरिक्त विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ लें। खाना पकाने के लिए लोहे की कढ़ाई का इस्तेमाल करें। समय-समय पर जांच कराते रहे और डॉक्टर से सलाह लेना न भूलें। चिकित्सकों की सलाह पर डायट चार्ट बनाएं।